नई दिल्ली. 2014 लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश में नरेंद्र मोदी फैक्टर के चलते बड़ी सफलता मिलने की संभावना है। एबीपी न्यूज़-नीलसन की ओर से 28 दिसंबर से 12 जनवरी के बीच कराए गए ओपिनियन पोल के मुताबिक, अगर अभी चुनाव हुए तो उत्तर प्रदेश में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरेगी, जबकि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को सबसे ज्यादा नुकसान होगा। हालांकि, बसपा को भी फायदा होता नहीं दिख रहा है, लेकिन उसे समाजवादी पार्टी की तुलना में थोड़ा कम नुकसान होगा।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में सफलता का परचम लहराने वाली आम आदमी पार्टी भी उत्तर प्रदेश में ज्यादा असरदार साबित होती नहीं दिख रही है। एबीपी न्यूज़-नीलसन सर्वे की मानें तो यूपी में 'आप' एक या दो सीटें जीत सकती है। उत्तर प्रदेश को लेकर इंडिया टुडे और सी वोटर ने भी सर्वे कराया है। इसमें भी यूपी में मोदी का जादू चलता दिख रहा है। यह सर्वे राहुल गांधी के लिए भी राहत लेकर आया है। अमेठी में कांग्रेस उपाध्यक्षराहुल गांधी को 'आप' के नेता कुमार विश्वास से किसी प्रकार का खतरा नहीं होने की बात कही गई है।
एबीपी-नील्सन के ओपिनियन पोल के क्षेत्रवार परिणाम
* पूर्वी उत्तर प्रदेश (35 सीटें) - कांग्रेस 4, बीजेपी 17, बीएसपी 7 और एसपी 6 सीटें मिलने का अनुमान है। आम आदमी पार्टी यहां खाता नहीं खोल पाएगी। एक सीट निर्दलीय को मिलने का अनुमान है।
* पश्चिमी उत्तर प्रदेश ( 29 सीटें) - कांग्रेस 2, आरएलडी 4, बीजेपी 11, बीएसपी 4 और एसपी को 5 सीटें मिलने की संभावना। आप यहां खाता खोलेगी और 2 सीटों पर कामयाब हो सकती है।
* अवध क्षेत्र (12 सीटें)- कांग्रेस 2, बीजेपी 5, बीएसपी 3 और एसपी 2 सीटें जीत सकती है। आप यहां खाता नहीं खोल पाएगी। गौरतलब है कि अमेठी और रायबरेली की सीटें इसी इलाके में आती हैं, जहां से राहुल गांधी और सोनिया गांधी सांसद हैं।
* बुंदेलखंड (04 सीटें)- अगर अभी चुनाव हुए तो बुंदेलखंड की चार सीटों में दो बीजेपी, एक पर एसपी और एक पर बीएसपी को जीत मिलेगी। गौरतलब है कि भाजपा पिछले लोकसभा चुनाव में इस इलाके में खाता भी नहीं खोल पाई थी।
इंडिया टुडे ग्रुप-सी वोटर के सर्वे में भी भाजपा आगे
इंडिया टुडे और सी वोटर के सर्वेक्षण में भी भाजपा को सबसे बड़ी पार्टी बताया गया है। सर्वे के मुताबिक, 2014 लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ सकता है। सर्वे के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में भाजपा की सीटें 10 से बढ़कर 30 हो सकती हैं। मोदी फैक्टर के चलते इस बार उसे सीधे 20 सीटों का लाभ मिलता दिख रहा है। समजावादी पार्टी को इस बार 20 सीटें मिलने का अनुमान है, उसे पिछले लोकसभा चुनाव में 23 सीटें मिली थीं। 2014 लोकसभा चुनाव में बसपा को भी फायदा हो सकता है। बसपा की सीटें 20 से बढ़कर 24 हो सकती हैं।
No comments:
Post a Comment